एआरबी टाइम्स ब्यूरो, दिल्ली
भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएसएस) के 2002 बैच के अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने 6 अक्तूबर 2026 को एनएचपीसी लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) का अतिरिक्त कार्यभार संभाल लिया। एनएचपीसी भारत की प्रमुख जलविद्युत कंपनियों में शामिल है और भारत सरकार का ‘नवरत्न’ सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है। राजेश कुमार सिंह को यह अतिरिक्त दायित्व पदभार ग्रहण करने की तिथि से छह माह की अवधि के लिए या नियमित मुख्य सतर्कता अधिकारी की नियुक्ति होने तक अथवा अगले आदेश तक, इनमें से जो भी पहले हो, सौंपा गया है।
सिंह वर्तमान में पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन (पीएफसी) में मुख्य सतर्कता अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने आईआईटी रुड़की से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन में बीटेक तथा आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी से कम्युनिकेशन सिस्टम्स में एमटेक की उपाधि प्राप्त की है। इसके अलावा उन्होंने सिंगापुर, मलेशिया और चीन में वरिष्ठ नेतृत्व कार्यक्रमों में भी भाग लिया है।
भारतीय रेलवे में 24 वर्षों से अधिक के अपने सेवाकाल के दौरान श्री सिंह ने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। इनमें पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) तथा मॉडर्न कोच फैक्ट्री, रायबरेली में मुख्य सामग्री प्रबंधक का पद शामिल है। मॉडर्न कोच फैक्ट्री में वे खरीद संबंधी कार्यों की देखरेख के लिए जिम्मेदार रहे।
अपने लंबे सेवाकाल के दौरान श्री सिंह ने क्रय, सतर्कता, सूचना प्रौद्योगिकी और सामग्री प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में व्यापक अनुभव हासिल किया है। उन्होंने विभिन्न क्रॉस-फंक्शनल टीमों का भी नेतृत्व किया है।
एनएचपीसी में मुख्य सतर्कता अधिकारी के रूप में अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालने के साथ उनके अनुभव का लाभ संगठन में सतर्कता व्यवस्था को और मजबूत करने तथा पारदर्शिता, जवाबदेही और संस्थागत उत्कृष्टता को बढ़ावा देने में मिलने की उम्मीद है।
