तेलंगाना | तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के शाबाद क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पॉक्सो एक्ट के तहत जेल में बंद दुष्कर्म के एक आरोपी ने जमानत पर छूटते ही एक ही रात में 6 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले बलात्कार पीड़िता और उसके परिवार को खत्म किया, फिर अपने ही घर जाकर पत्नी और दो मासूम बेटों को मौत के घाट उतार दिया। रोंगटे खड़े कर देने वाली इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार है।
पहले पीड़िता के परिवार को मिटाया, फिर अपने बच्चों को काटा
पुलिस के अनुसार, आरोपी राजकुमार (35) को जुए की लत थी और वह कर्ज में डूबा हुआ था। शुक्रवार देर रात वह शाबाद कस्बे में 17 वर्षीय पीड़िता के घर घुसा और वहां सो रही उसकी मां (45) व नानी (65) की चाकू और हंसिये से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद वह नाबालिग पीड़िता को कार में अगवा कर अपने पैतृक गांव धैवलगुडा ले गया और एक झील के पास उसकी जान ले ली। खूनी खेल के बाद आरोपी अपने घर पहुंचा और वहां सो रही अपनी पत्नी पार्वती सरिता (30), 4 वर्षीय बेटे परीक्षित और महज डेढ़ साल के बेटे दैविकक्षित का गला रेत दिया।
पिता को फोन कर कहा- सबको मार दिया, अब सुसाइड करने जा रहा हूं
इस सामूहिक हत्याकांड को अकेले ही अंजाम देने के बाद आरोपी राजकुमार ने अपने पिता को फोन कर गुनाह कबूल किया और कहा कि वह आत्महत्या करने जा रहा है, जिसके बाद उसने फोन बंद कर लिया। पीड़िता ने इसी साल 16 मई को आरोपी के खिलाफ रेप का केस दर्ज कराया था, जिसके बाद उसे जेल हुई थी। हाल ही में जमानत पर बाहर आते ही उसने पीड़िता के मामा को दी गई धमकी को सच कर दिया। फ्यूचर सिटी के पुलिस आयुक्त तरुण जोशी ने बताया कि फरार आरोपी को दबोचने के लिए पुलिस की 7 टीमें गठित की गई हैं और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाकर जांच की जा रही है।
