एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिहार
बिहार के बक्सर जिले के चौसा स्थित 1320 मेगावाट क्षमता वाले बक्सर थर्मल पावर प्रोजेक्ट (BTPP) की 660 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट-II का वाणिज्यिक संचालन शुरू हो गया है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के अवसर पर SJVN लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने परियोजना परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान SJVN के निदेशक (प्रोजेक्ट्स) राजेश कुमार चंदेल भी मौजूद रहे।

भूपेंद्र गुप्ता ने रिबन काटकर और उद्घाटन बटन दबाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने परियोजना के सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल रूम का उद्घाटन करने के साथ ही ऐश डाइक सहित संयंत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण संचालन घटकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की तैयारियों और संचालन व्यवस्था का जायजा लिया।
टीम STPL को बधाई देते हुए भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि यूनिट-II का वाणिज्यिक संचालन शुरू होना पूरी टीम की मेहनत, समर्पण, आपसी सहयोग और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बक्सर थर्मल पावर प्रोजेक्ट बिहार की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने परियोजना टीम से सुरक्षित, कुशल और विश्वसनीय संचालन को निरंतर बनाए रखने का आह्वान किया।
SJVN Thermal Private Limited (STPL) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलक कुमार मुखोपाध्याय सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने भूपेंद्र गुप्ता और राजेश कुमार चंदेल का स्वागत किया। राजेश कुमार चंदेल ने भी टीम STPL के प्रयासों और प्रतिबद्धता की सराहना की।
दौरे के दौरान SJVN अधिकारियों ने बिहार सरकार के ऊर्जा सचिव अजय यादव और बक्सर की जिलाधिकारी साहिला से भी मुलाकात की। बैठक में भूमि अधिग्रहण, कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR), PSP परियोजनाओं, बिजली खरीद समझौते (PPA), SJVN के पास उपलब्ध नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता तथा बिहार में संभावित निवेश के अवसरों पर चर्चा हुई।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए भूपेंद्र गुप्ता और राजेश कुमार चंदेल ने परियोजना परिसर में पौधारोपण भी किया।
बक्सर थर्मल पावर प्रोजेक्ट बिहार के बक्सर जिले के चौसा में स्थित है। 1320 मेगावाट क्षमता वाली इस परियोजना का क्रियान्वयन SJVN की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी SJVN Thermal Private Limited (STPL) द्वारा किया गया है।
