एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुंदर ठाकुर ने भुंतर और कुल्लू विकासखंडों के पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक की। बैठक में योजना के प्रचार-प्रसार, पात्र परिवारों की पहचान और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने को लेकर चर्चा हुई।
बैठक में दोनों विकासखंडों के पंचायत प्रधान, बीडीसी सदस्य, ग्राम रोजगार सेवक और पंचायत सचिव शामिल हुए। विधायक सुंदर ठाकुर ने पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद और वंचित परिवारों को सहायता उपलब्ध करवाना है। इसके लिए पंचायत स्तर पर कार्यरत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
बैठक में योजना के पात्रता मानदंडों की जानकारी भी साझा की गई। बताया गया कि सभी स्रोतों से 75 हजार रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवार पात्रता के दायरे में आ सकते हैं। इसके अलावा ऐसे परिवार, जिनमें केवल 27 वर्ष से कम आयु के अनाथ बच्चे सदस्य हैं या केवल 59 वर्ष से अधिक आयु के वृद्ध सदस्य हैं और 27 से 59 वर्ष की आयु का कोई वयस्क सदस्य नहीं है, भी योजना के लिए पात्र हो सकते हैं।
विधवा, अविवाहित, तलाकशुदा या परित्यक्त महिला के नेतृत्व वाले परिवार, जिनमें 27 से 59 वर्ष की आयु का कोई वयस्क सदस्य नहीं है, भी पात्रता में शामिल हैं। वहीं, 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांगता वाले मुखिया के परिवारों को भी योजना के तहत प्राथमिकता दी जाएगी।
इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2024-25 या 2025-26 में मनरेगा के तहत कम से कम एक दिन कार्य करने वाले वयस्क सदस्य वाले परिवार भी पात्रता के दायरे में आ सकते हैं। गंभीर बीमारी से प्रभावित परिवारों को भी योजना में शामिल किया गया है। इनमें कैंसर, अल्जाइमर, पार्किंसन, मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, हीमोफीलिया और थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारियों से प्रभावित कमाने वाले सदस्य वाले परिवार शामिल हैं।
दुर्घटना में रीढ़ की हड्डी में चोट के कारण स्थायी रूप से अशक्त या बिस्तर पर पड़े कमाने वाले सदस्य वाले परिवारों तथा भूमिहीन परिवारों को भी पात्रता सूची में शामिल किया गया है।
बैठक में जिला परिषद बरशैणी प्रवीन ठाकुर, बीडीसी अध्यक्ष भुंतर राम प्रसाद, बीडीओ भुंतर गौरव धीमान, बीडीओ कुल्लू लक्ष्मीकांत सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे।
