चंडीगढ़ | शहर के 15 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद वीरवार को पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। दोपहर 12:29 बजे से 12:40 बजे के बीच पुलिस कंट्रोल रूम तक एक के बाद एक धमकी संबंधी सूचनाएं पहुंचीं। मामला स्कूलों की सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन सेल, बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड को सक्रिय कर दिया। संबंधित थानों की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी स्कूलों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस टीमों ने शहर के अलग-अलग सेक्टरों में स्थित सरकारी और निजी स्कूलों के परिसरों की जांच की। राहत की बात यह रही कि तलाशी अभियान के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस अब धमकी भरे ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।
पुलिसकर्मियों के बीच साझा किए गए संदेशों के अनुसार, धमकी संबंधी सूचनाओं में सेक्टर-19 का गवर्नमेंट मॉडल स्कूल, मनीमाजरा का आरआईएमटी स्कूल, सेक्टर-46 का आशियाना स्कूल, सेक्टर-23 और सेक्टर-56 के सरकारी स्कूल तथा सेक्टर-28 का सेंट सोल्जर स्कूल शामिल हैं। इसके अलावा सेक्टर-41 का शिवालिक स्कूल, सेक्टर-20डी का सरकारी स्कूल, सेक्टर-37 के सेंट पीटर स्कूल और प्लेवे स्कूल, सेक्टर-33 का गवर्नमेंट मॉडल स्कूल, सेक्टर-26 का सेंट जोहान स्कूल, सेक्टर-29 का ट्रिब्यून स्कूल, सेक्टर-44 के सेंट जोसेफ और कुंदन स्कूल तथा सेक्टर-31 का एयरफोर्स स्कूल भी सूची में शामिल हैं।
मनीमाजरा के स्कूल में बच्चों को भेजा घर
मनीमाजरा स्थित आरआईएमटी वर्ल्ड स्कूल को भी वीरवार को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। स्कूल की प्रिंसिपल ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद डीएसपी राम गोपाल और थाना प्रभारी कुलदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बम निरोधक दस्ते सहित अन्य टीमों ने स्कूल परिसर की जांच की। एहतियात के तौर पर स्कूल के सभी बच्चों को घर भेज दिया गया। पुलिस ने परिसर की गहन तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। स्कूल के आसपास सुरक्षा भी बढ़ा दी गई।
ईमेल भेजने वाले की तलाश में पुलिस
धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सभी संबंधित स्कूलों में सुरक्षा जांच की। बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की मदद से संभावित खतरे का पता लगाने का प्रयास किया गया। जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलने के बावजूद पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। पुलिस अब धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने और इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। मामले में जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
