एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
जिला रोजगार कार्यालय शिमला की ओर से 17 सितंबर को एलआईसी और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में विभिन्न पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित समय और स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
एलआईसी में 100 अस्थायी पदों पर भर्ती
Life Insurance Corporation of India (एलआईसी), मॉल रोड शिमला में महिला करियर एजेंट और ग्रामीण करियर एजेंट के कुल 100 अस्थायी पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू होगा। यह साक्षात्कार 17 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे जिला रोजगार कार्यालय/रोजगार विनिमय, यूएस क्लब शिमला में आयोजित किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी शिमला प्रवीन नगराईक ने बताया कि इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास और अच्छी कम्युनिकेशन स्किल निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी की आयु 18 वर्ष या इससे अधिक होनी चाहिए। महिला करियर एजेंट को 7,000 रुपये प्लस कमीशन एवं अन्य लाभ, जबकि ग्रामीण करियर एजेंट को 5,000 रुपये प्लस कमीशन एवं अन्य लाभ दिए जाएंगे।
महिला करियर एजेंट के पद के लिए केवल महिला उम्मीदवार, जबकि ग्रामीण करियर एजेंट के पद के लिए महिला एवं पुरुष दोनों उम्मीदवार पात्र होंगे।
एसबीआई लाइफ में 24 पदों के लिए साक्षात्कार
वहीं, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, छोटा शिमला में डेवलपमेंट मैनेजर के 2 और लाइफ मित्र (फाइनेंशियल एडवाइजर) के 22 पदों सहित कुल 24 पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू होगा। साक्षात्कार 17 सितंबर को सुबह 10:30 बजे उप रोजगार कार्यालय रोहड़ू में आयोजित किया जाएगा।
डेवलपमेंट मैनेजर पद के लिए स्नातक योग्यता निर्धारित है और चयनित अभ्यर्थी को 22,000 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ इंसेंटिव मिलेगा। लाइफ मित्र पद के लिए 10वीं, 12वीं या स्नातक अभ्यर्थी पात्र होंगे। इस पद पर मानदेय कमीशन और लक्ष्य आधारित होगा। दोनों पदों के लिए महिला और पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं तथा आयु सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित है।
दोनों भर्ती प्रक्रियाओं में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का रोजगार कार्यालय में ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों का पंजीकरण नहीं हुआ है, वे eemis.hp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के दौरान अपना रिज्यूम, आधार कार्ड, पैन कार्ड, 10वीं की मार्कशीट/प्रमाण पत्र, उच्चतम शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण पत्र और एक पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ लाना होगा।
एलआईसी भर्ती संबंधी जानकारी के लिए 9857628053, जबकि एसबीआई लाइफ भर्ती के लिए 8580560705, 9318013313 और 9418604804 पर संपर्क किया जा सकता है।
