सिरमौर | हिमाचल प्रदेश में फर्जी कृषि प्रमाणपत्र के आधार पर जमीन खरीदने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सिरमौर जिले के राजगढ़ पुलिस थाने में पंजाब के मोहाली निवासी संदीप कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि संदीप ने मंडी जिले के सुरजीत कुमार की पहचान और पारिवारिक विवरण का दुरुपयोग कर खुद को हिमाचली कृषक दर्शाया और इसी आधार पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में जमीन खरीदी।
कृषि प्रमाणपत्र में मिली पहचान संबंधी विसंगतियां
शिमला जिले के चौपाल निवासी प्रदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिसंबर 2023 और जनवरी 2024 के दौरान मोहाली के एक प्रॉपर्टी डीलर के माध्यम से उनकी पहचान संदीप कुमार से हुई थी। आरोपी ने खुद को मंडी जिले के बहरी गांव का निवासी बताया था। इसके बाद 26 मार्च 2024 को उसने राजगढ़ तहसील के नई नेटी गांव में 7 बीघा 16 बिस्वा जमीन की रजिस्ट्री करवाई। शिकायतकर्ता के अनुसार, अक्तूबर 2026 में उन्होंने अपने भाई के साथ सरकाघाट तहसीलदार कार्यालय और ग्राम पंचायत संधोट पहुंचकर आरटीआई, जमाबंदी सहित राजस्व एवं पंचायत रिकॉर्ड जुटाए। इन दस्तावेजों का मिलान करने पर कृषि प्रमाणपत्र में दर्ज पहचान और पारिवारिक विवरण में कथित विसंगतियां सामने आईं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कृषि प्रमाणपत्र 19 मार्च 2024 को तहसीलदार सरकाघाट के कार्यालय से जारी हुआ था। इसे प्राप्त करने के लिए सुरजीत कुमार की पहचान का इस्तेमाल किया गया, जबकि संदीप और सुरजीत के बीच कोई पारिवारिक संबंध नहीं है। शिकायत में सोलन जिले के कंडाघाट, सिरमौर के पांवटा साहिब और शिमला जिले के सुन्नी में भी जमीन खरीदने का उल्लेख किया गया है। इन संपत्तियों के विक्रय विलेख 5 जून, 27 जून और 3 जुलाई 2024 को पंजीकृत हुए थे। कुछ संपत्तियां आरोपी के बेटे वंश लूथरा के नाम हस्तांतरित करने का भी आरोप है। एएसपी नरेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
