एआरबी टाइम्स ब्यूरो, नाहन | हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई-रोहनाट सड़क मार्ग पर भटनोल के समीप हुए एक सड़क हादसे में पिता और उनके सात वर्षीय बेटे की मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद रातभर से लापता चल रही सात वर्षीय बेटी सोमवार सुबह पूरी तरह सुरक्षित मिल गई। मासूम के सकुशल मिलने से परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, जबकि एक ही परिवार के दो सदस्यों की अचानक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, तहसील कार्यालय शिलाई में कार्यरत सोहन रविवार रात अपने निजी वाहन से अपने बेटे और बेटी के साथ घर कामोटा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भटनोल के पास उनका वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। यह हादसा इतना भीषण था कि सोहन और उनके सात वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद सोहन की सात वर्षीय बेटी का कुछ पता नहीं चल पाया था। इसके बाद परिजनों, स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन ने मिलकर पूरी रात बच्ची की तलाश की। सोमवार सुबह एसडीएम जसपाल के नेतृत्व में टीम और ग्रामीणों ने ड्रोन की मदद से व्यापक तलाशी अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची पास के ही दूसरे गांव के एक खेत में सुरक्षित मिल गई। जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद बच्ची रात के वक्त घटनास्थल से अपने घर की ओर निकल पड़ी थी, लेकिन अंधेरे में रास्ता भटककर दूसरे गांव जा पहुंची थी।
इस हृदयविदारक हादसे ने शिलाई और आसपास के पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक तरफ जहां पिता-पुत्र की असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है, वहीं दूसरी ओर रातभर लापता रही मासूम बेटी के सुरक्षित मिलने पर लोगों ने संतोष जताया है।
