एआरबी टाइम्स ब्यूरो, नाहन | हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नगर परिषद पांवटा साहिब के विश्वकर्मा चौक पर नवनिर्मित पार्किंग स्थल पर देर रात अज्ञात हमलावरों ने शिलाई क्षेत्र के एक व्यक्ति की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान भाव सिंह निवासी गांव आवत कोटी उतरू, शिलाई, सिरमौर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, भाव सिंह शिलाई में सब्जी की दुकान चलाता था। वह हर तीसरे दिन सब्जी खरीदने पांवटा साहिब आता-जाता था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही उपमंडल पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जांच जारी है। पुलिस ने आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन
हत्या के बाद मृतक युवक के परिजनों और स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों और परिजनों ने पांवटा साहिब बस स्टैंड मार्ग पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहसबाजी भी हुई। परिजनों का कहना है कि जब तक हत्यारों को गिरफ्तार कर सख्त सजा नहीं दी जाती, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
