एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर विकास खंड की मुनिश-बाहली पंचायत के जनथल वार्ड नंबर-5 में महिला मंडल भवन से संबंधित निर्माण कार्यों को लेकर भुगतान प्रक्रिया पर सवाल उठे हैं। स्थानीय निवासी हिरा सिंह पुत्र जीत राम ने उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह को शिकायत सौंपकर निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति, गुणवत्ता और किए गए भुगतानों की जांच की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पंचायत क्षेत्र में स्वीकृत कुछ विकास कार्य मौके पर पूरी तरह से तैयार नहीं हुए हैं, जबकि उनके बिल तैयार कर भुगतान किए जाने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की जांच करवाकर जिम्मेदारी तय करने का आग्रह किया है।
हिरा सिंह के अनुसार महिला मंडल जनथल के लिए रसोईघर निर्माण को पंचायत को 1.40 लाख रुपये की राशि मिली थी। शिकायत में दावा किया गया है कि मौके पर अभी करीब 25 प्रतिशत ही निर्माण हुआ है, जबकि कार्य की पूरी अदायगी किए जाने का आरोप है। इसी तरह महिला मंडल भवन के शौचालय निर्माण के लिए 1.14 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस कार्य का भी लगभग आधा हिस्सा ही पूरा हुआ है, लेकिन बिल पारित कर भुगतान कर दिया गया।
शिकायत में सड़क और रास्तों से जुड़े दो अन्य कार्यों का भी उल्लेख किया गया है। आरोप है कि गांव को मुख्य सड़क से महिला मंडल भवन तक जोड़ने के लिए प्रस्तावित पक्के रास्ते का निर्माण मौके पर शुरू तक नहीं हुआ। वहीं, एक अन्य रास्ते को पक्का करने के लिए स्वीकृत कार्य भी धरातल पर नहीं किए जाने का दावा किया गया है। इसके बावजूद दोनों कार्यों के बिलों का भुगतान किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि सभी संबंधित कार्यों का स्थल निरीक्षण करवाकर स्वीकृत राशि, मौके पर हुए निर्माण और जारी किए गए भुगतानों का रिकॉर्ड से मिलान किया जाए। साथ ही, यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने शिकायत को खंड विकास अधिकारी रामपुर के पास जांच के लिए भेज दिया है। बीडीओ को एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
अब जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत में लगाए गए आरोप कितने सही हैं और संबंधित निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति क्या है।
