एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हाई-एंड पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अगले पांच वर्षों में पर्यटन क्षेत्र के विकास पर 10,000 से 15,000 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना है। इसके तहत पर्यटन अधोसंरचना के विकास के साथ हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि प्रदेश में पर्यटकों की आवाजाही को सुगम बनाया जा सके।

मुख्यमंत्री सोमवार को शिमला जिले के नालदेहरा स्थित गोल्फ कोर्स में 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित कोटी गोल्फ कप-2026 टूर्नामेंट के समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। प्रतियोगिता में 80 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण पर 3,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, प्रदेश में हवाई सेवाओं के संचालन को प्रोत्साहित करने के लिए व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (वीजीएफ) के तहत 35 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी जिला मुख्यालयों को हेलीपोर्ट सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। शिमला के लिए हवाई सेवाएं शुरू करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार से बड़े विमानों का संचालन संभव होगा, जिससे पर्यटकों की आमद बढ़ने और पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
ईको-टूरिज्म से 22 करोड़ रुपये का राजस्व
मुख्यमंत्री ने सतत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार की पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में 60 ईको-टूरिज्म साइट्स लीज पर दी गई हैं। इससे राज्य को 22 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने नालदेहरा गोल्फ कोर्स की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के सबसे मनोरम गोल्फ स्थलों में से एक बताया। उन्होंने गोल्फ कोर्स के विकास का श्रेय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह को दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में आवश्यक नीतिगत बदलाव किए जा रहे हैं। उन्होंने अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए बताया कि कॉलेज और विश्वविद्यालय के दिनों में वह इस क्षेत्र में आया करते थे।
गोल्फ कोर्स के विकास के लिए 1.82 करोड़ रुपये
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि नालदेहरा गोल्फ कोर्स को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। गोल्फ कोर्स को पर्यटकों के लिए भी खोला गया है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने गोल्फ कोर्स के विकास के लिए 1.82 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए हैं।
समारोह में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, महाधिवक्ता अनूप रतन, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह तथा कोटी गोल्फ क्लब और नालदेहरा गोल्फ क्लब के सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
