एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
अग्निवीर योजना के अंतर्गत अग्निवीरों की भर्ती रैली 22 से 30 मार्च 2026 तक ट्रेनिंग ग्राउंड रिजर्व बटालियन पंडोह (जिला मंडी) में आयोजित की जाएगी। यह रैली मंडी, कुल्लू और लाहौल स्पीति जिलों के उन अभ्यर्थियों के लिए होगी, जिन्होंने वर्ष 2025 की लिखित परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है।
भर्ती निदेशक, सेना भर्ती कार्यालय मंडी, कर्नल गौतम निशांत ने बताया कि लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड शीघ्र ही Join Indian Army की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। इसकी सूचना अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत ईमेल पर भी भेजी जाएगी। अभ्यर्थी वेबसाइट पर लॉग इन कर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे प्रवेश पत्र में अंकित तिथि और समय के अनुसार ही रैली स्थल पर उपस्थित हों। साथ ही, जारी अधिसूचना के अनुसार सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ अवश्य लाएं और निर्धारित समय पर पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सहयोग करें।
