एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
मंडी जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रिक्त पद को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। नगर निगम मंडी के पैलेस-2 वार्ड के मट्ट-1 आंगनबाड़ी केंद्र में यह पद भरा जाएगा। इच्छुक और पात्र स्थानीय महिला उम्मीदवार 25 मार्च 2026 तक अपने आवेदन जमा कर सकती हैं। बाल विकास परियोजना अधिकारी सदर-मंडी जितेंद्र सैणी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पद के लिए आवेदन कार्यालय बाल विकास परियोजना अधिकारी, मंडी-सदर में जमा करवाने होंगे। चयन प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार 28 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे एसडीएम कार्यालय मंडी में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को सरकार की ओर से निर्धारित मानदेय के अनुसार प्रतिमाह 10,500 रुपये प्रदान किए जाएंगे। यह नियुक्ति समेकित बाल विकास सेवा योजना के तहत की जाएगी। इस पद के लिए केवल महिला उम्मीदवार ही पात्र होंगी। आवेदन करने वाली अभ्यर्थी की आयु 25 मार्च 2026 को 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके साथ ही उम्मीदवार का नाम संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के फीडर एरिया में दर्ज होना अनिवार्य है। आवेदन करने वाली उम्मीदवार के परिवार की वार्षिक आय 50,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं (10+2) पास निर्धारित की गई है।
