एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के जुब्बड़हट्टी (हलटी) में आयोजित तीन दिवसीय अनोखी डाली मेले के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “मेले व त्यौहार न केवल सामाजिक मेल-जोल को बढ़ाते हैं, बल्कि समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी संजोए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।” मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी विशिष्ट स्थानीय परंपराओं, कला और संस्कृति के लिए विश्वभर में जाना जाता है, और ऐसे मेले इस विरासत को जीवित रखते हैं।
अनोखी डाली मेले को जिला स्तरीय करने का आश्वासन
उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह प्राचीन मेला स्थानीय आस्था और धर्म का प्रतीक है, जिसे वर्षों से बड़ी श्रद्धा से मनाया जाता रहा है। मंत्री ने अनोखी डाली मेले को जिला स्तरीय मेला घोषित करने का आश्वासन भी दिया।
2600 बीघा में बनेगा नया सेटेलाइट टाउन, खर्च होंगे 1300 करोड़
अपने संबोधन में मंत्री ने एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि जाठियादेवी के समीप लगभग 2600 बीघा भूमि पर नया सेटेलाइट टाउन विकसित किया जाएगा, जिस पर लगभग 1300 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। राजस्व विभाग व आवासीय बोर्ड भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पर कार्य कर रहे हैं।
सड़कों, पेयजल योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा
मंत्री ने कहा कि:
-
चनोग पंचायत में सड़क की मेटलिंग पूरी कर ली गई है।
-
जाठियादेवी व आसपास के क्षेत्रों की मेटलिंग कार्य जल्द पूरा किया जाएगा।
-
रामपुर, जाठियादेवी, जुब्बड़हट्टी, धमून के सभी टूटी सड़कों को सुधारकर गर्मियों में मेटलिंग की जाएगी।
-
क्षेत्र में चल रही तीन बड़ी पेयजल योजनाएं प्रगति पर हैं, जिनके पूर्ण होने के बाद पानी की समस्या खत्म होगी।
मंत्री ने धमून पंचायत के विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
फोरलेन सड़क परियोजना का लाभ मिलेगी पांच पंचायतों को
उन्होंने बताया कि मटौर–शिमला फोरलेन सड़क तारादेवी, बड़ेहरी और जाठियादेवी से होकर शालाघाट को जोड़ेगी और इसका एलाइनमेंट अंतिम चरण में है। भूमि अधिग्रहण के दौरान ग्रामीणों को न्यायपूर्ण मुआवजा दिलाने के लिए वे स्वयं क्षेत्र का दौरा करेंगे।
कार्यक्रम में शामिल हुए गणमान्य लोग
इस अवसर पर पंचायत समिति उपाध्यक्ष रामलाल ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गोपाल शर्मा, बीडीओ टूटू कार्तिकेय शर्मा, पंचायत प्रधान, विभागीय अधिकारी व बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
