एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के 12/20 और 15/20 क्षेत्रों में आई प्राकृतिक आपदा के दस दिन बीत जाने के बाद भी हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं। सड़कों के अवरुद्ध रहने, पुल के ध्वस्त होने और स्पेन का कार्य अधूरा होने के कारण बागवानों को सेब की फसल पीठ पर ढोकर मंडी पहुंचाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
भाजपा नेता कौल नेगी ने रामपुर में एक प्रेसवार्ता में सरकार, प्रशासन और लोक निर्माण विभाग को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में राहत कार्य बेहद धीमी गति से चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपदा के चलते इन इलाकों की जीवन रेखा मानी जाने वाली सड़कों और पुलों को अब तक बहाल नहीं किया गया है, जिससे लाखों सेब की पेटियाँ खराब होने की कगार पर हैं।
स्पेन और पुल निर्माण में देरी, ग्रामीणों को भारी नुकसान
नेगी ने जानकारी दी कि कुट और क्याओं पंचायतों को जोड़ने वाला स्पेन अब तक नहीं लगाया गया है, और जिस ठेकेदार को यह कार्य सौंपा गया है, वह अभी तक जरूरी सामान ही एकत्र कर रहा है। वहीं, गानवी खड्ड में आई बाढ़ से जगोरी, नौनवी, क्याव, कूट, सुरू, किफी, खिऊंचा, रोपनी और खाणीधार गांवों की सड़कों और पुलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
गांवों से संपर्क टूटने के कारण स्थानीय लोग जान जोखिम में डालकर पेड़ों के ऊपर से गुजरकर खड्ड को पार कर रहे हैं। एक महिला के साथ दुर्घटना होते-होते बची, लेकिन प्रशासन अब तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर पाया है।
खाद्य संकट और स्कूल जाने में परेशानी
नेगी ने बताया कि कई इलाकों में खाद्य संकट उत्पन्न हो गया है और बच्चों को सेरी पुल से तकलेच तक पैदल स्कूल जाना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सेरी पुल से बस सेवा शुरू की जाए और राहत सामग्री तत्काल भेजी जाए।
सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त, राहत कार्य में लोनिवि फेल
उन्होंने कहा कि 12/20 और 15/20 क्षेत्र की सड़कें अभी भी पूरी तरह से बंद हैं। काशापाट पंचायत में एक स्थान पर 100 मीटर सड़क पूरी तरह गायब हो चुकी है, और कूहल पंचायत की सड़क भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। सेरी पुल धंसने के कारण लोगों को वाया बाहलीधार होकर यात्रा करनी पड़ रही है, जिससे काफी समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है।
चेतावनी: यदि राहत कार्य तेज़ नहीं हुए तो होगा घेराव
कौल नेगी ने सरकार और प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन क्षेत्रों में स्पेन और पुल निर्माण कार्य अविलंब युद्धस्तर पर शुरू नहीं हुआ, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर प्रशासन और लोनिवि का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर भाजपा मंडलाध्यक्ष रामपुर नरेश चौहान, मंडलाध्यक्ष सराहन महेन्द्र जैन, उपाध्यक्ष गोपाल बंसल, चेतन पाकला, महामंत्री राममूर्ति, अनिल बूदेल एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
