एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर निवासी आरुषि सूद ने कनाडा की प्रतिष्ठित मैकगिल यूनिवर्सिटी (मॉन्ट्रियल) से मास्टर्स इन फाइनेंस की डिग्री प्राप्त की। इस उपलब्धि पर उनके परिवार और शहरवासियों में खुशी का माहौल है। आरुषि ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, रामपुर और डीपीएस झाकड़ी से पूरी की। वाणिज्य विषय में उन्होंने प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया। इसके बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज से उच्च शिक्षा प्राप्त की और दिल्ली के एक निजी संस्थान में एक वर्ष तक कार्य किया।
गत वर्ष जून में, आरुषि को कनाडा की मैकगिल यूनिवर्सिटी में वजीफे के साथ दाखिला मिला। एक वर्ष की मेहनत के बाद बुधवार को उन्हें यूनिवर्सिटी द्वारा मास्टर्स की डिग्री प्रदान की गई। आरुषि, रामपुर निवासी संजय सूद और अलका सूद की सुपुत्री हैं। उनकी बड़ी बहन चंडीगढ़ के एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल में शिक्षक हैं और छोटा भाई सार्थक सूद रामपुर में पढ़ाई कर रहे हैं।
आरुषि ने अपने स्कूल के दिनों से विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सपना देखा और इसके लिए दिन-रात मेहनत की। उन्होंने अपने शिक्षकों और परिजनों को अपनी सफलता का श्रेय दिया। युवाओं के लिए उनका संदेश है कि कड़ी मेहनत और समर्पण से कोई भी उच्च शिक्षा और उच्च पद हासिल कर सकता है।
