एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव–2026 में भाग लेने के लिए मंडी जनपद के आराध्य देव बड़ा देव कमरूनाग शनिवार को मंडी पहुंचे। इस अवसर पर राज माधोराय मंदिर में उपायुक्त एवं अध्यक्ष शिवरात्रि महोत्सव समिति अपूर्व देवगन ने उनका विधिवत स्वागत कर पूजा-अर्चना संपन्न की। यहां बड़ा देव कमरूनाग का राज माधोराय के साथ पारंपरिक और भव्य मिलन हुआ। देव के मंडी आगमन के साथ ही अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के पारंपरिक कारज विधिवत आरंभ हो गए। अब बड़ा देव कमरूनाग आगामी सात दिनों तक टारना माता मंदिर में विराजमान रहकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि शिवरात्रि महोत्सव में बड़ा देव कमरूनाग के आगमन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो जाती है। अन्य देवी-देवताओं का आगमन भी प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि देवी-देवताओं के आशीर्वाद से महोत्सव का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का आयोजन 16 से 22 फरवरी तक किया जाएगा। महोत्सव में जनपद के 216 देवी-देवताओं को आमंत्रित किया गया है। आयोजन को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। उन्होंने आमजन से भी महोत्सव में सहभागिता कर देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया।
इससे पूर्व अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेला कमेटी की स्वागत समिति ने पुलघराट में बड़ा देव कमरूनाग का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर सर्व देवता समिति के प्रधान शिव पाल शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी हरीश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
