शिमला। बागी बाजार से नारकंडा की ओर जा रही एक ऑल्टो कार रविवार शाम करीब 6:35 बजे अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचित किया। इस संबंध में कोटखाई थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
स्थानीय निवासी दिनेश रोठा ने बताया कि वह अपने घर पर मौजूद थे, तभी उन्होंने बागी बाजार–नारकंडा मार्ग पर एक वाहन को खाई में गिरते हुए देखा। वह तुरंत मजदूरों के साथ मौके पर पहुंचे, जहां ऑल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ी थी। कार में दो महिलाएं और तीन पुरुष घायल अवस्था में थे, जबकि एक युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इसके बाद तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पहचान सूरज (20) पुत्र ज्ञान चंद, निवासी गांव बंदला, डाकघर छावशा, कंडाघाट, सोलन के रूप में हुई है। घायलों को पहले सीएचसी ठियोग लाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है। इनमें कदल (23) निवासी मझाठ अर्की, चेतन (21), निवासी कुनिहार, अर्की, पलक (21) निवासी दावता, कसौली, पारुल (19) निवासी डुमहैर, कंडाघाट और हर्ष (21) निवासी भूमती, अर्की शामिल हैं।
