एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
जिला कुल्लू के बंजार उप-मंडल में हाल ही में हुई भारी बर्फबारी एवं लगातार प्रतिकूल मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आम जनता और पर्यटकों की सुरक्षा के दृष्टिगत जन-सुरक्षा परामर्श जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम व सड़क की स्थिति में सुधार होने तक सतर्कता बरतने की अपील की है।
वर्तमान मौसम की स्थिति
वर्तमान में बंजार–जिभी–सोजहा–जलोड़ी क्षेत्र में निरंतर वर्षा/हिमपात, घना कोहरा, सड़क पर फिसलन एवं भूस्खलन की संभावनाओं के कारण मौसम प्रतिकूल बना हुआ है। इन परिस्थितियों के चलते क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
सड़क एवं यातायात की स्थिति
मौसम की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा घियागी तक ही आवश्यक वाहनों की सीमित आवाजाही की सलाह दी गई है। घियागी से आगे सड़क मार्ग संकरा, अत्यधिक फिसलनयुक्त तथा भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील होने के कारण यात्रा जोखिमपूर्ण बताई गई है।
पर्यटकों हेतु विशेष परामर्श
पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने उन्हें जिभी/घियागी तक ही ठहरने की सलाह दी है। प्रतिकूल मौसम को देखते हुए सोजहा एवं जलोड़ी की ओर यात्रा फिलहाल न करने का आग्रह किया गया है।
यात्रा एवं ट्रेकिंग गतिविधियों पर रोक की सलाह
मौसम एवं सड़क परिस्थितियों में सुधार होने तक आम जनता एवं पर्यटकों को अनावश्यक यात्रा, ट्रेकिंग तथा ऊँचाई वाले क्षेत्रों में भ्रमण से सख्ती से बचने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव किया जा सके।
जन-सुरक्षा के हित में अपील
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपरोक्त परामर्श वर्तमान एवं संभावित प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पूर्णतः जन-सुरक्षा के हित में जारी किया गया है। सभी संबंधित विभागों, स्थानीय निवासियों एवं पर्यटकों से प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपील की गई है।