एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
जिला कुल्लू पुलिस थाना आनी के तहत भाना–मोहाली पुल के पास बुधवार सुबह एक दंपत्ति के सतलुज नदी में कूदने की घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी लुहरी की टीम मौके पर पहुंची और नदी किनारे सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
पुलिस जांच के अनुसार दंपत्ति की पहचान दूनी चंद (34) पुत्र बलदेव सिंह, निवासी बताना भाल्ले, डाकघर व तहसील करसोग, जिला मंडी और उसकी पत्नी सोनिया (27) के रूप में हुई है। दोनों आनी बाजार में किराये पर रह रहे थे। दूनी चंद आनी में सैलून चलाता था।
मिली जानकारी के अनुसार बीती रात दूनी चंद अपने रिश्तेदार धनी राम के साथ क्वार्टर में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान दूनी चंद और उसकी पत्नी सोनिया के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बाद में धनी राम और मोहन लाल ने दोनों को समझाया और मामला शांत हो गया। रात को सभी सो गए।
सुबह उठने पर दूनी चंद ने पाया कि उसकी पत्नी सोनिया घर पर नहीं है। उसने तुरंत अपने चाचा के बेटे को इसकी सूचना दी और कार लेकर बेहना की ओर उसकी तलाश में निकल पड़ा। इसी दौरान सोनिया सतलुज नदी की ओर भागती दिखाई दी। दोनों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नदी में कूद गई। उसे बचाने का प्रयास करते हुए दूनी चंद भी नदी में गिर गया। यह पूरा घटनाक्रम धनी राम ने अपनी आंखों से देखा। मौके से सोनिया का दुपट्टा और दूनी चंद का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज कर लिए हैं। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है दोनों की खोज की जा रही है।
