एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
भट्टाकुफर चौक से एम्स चमियाना अस्पताल तक पीक आवर्स में अब बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। जिला दण्डाधिकारी एवं उपायुक्त अनुपम कश्यप ने शुक्रवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। जारी आदेशों के अनुसार 3 दिसंबर से अगले आदेशों तक सुबह 7:30 से 10:00 बजे तक और सायं 4:30 से 6:00 बजे तक इस मार्ग पर ट्रक, टिप्पर सहित सभी प्रकार के भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि फोरलेन निर्माण कार्य जारी होने से बड़े वाहनों का दबाव बढ़ गया है, जिसके कारण एम्स चमियाना पहुंचने वाले मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल स्टाफ को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला की रिपोर्ट के आधार पर पीक आवर्स में यह प्रतिबंध लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नई ट्रैफिक व्यवस्था से आम जनता को राहत मिलेगी और जाम की समस्या में भी सुधार आएगा।
