एआरबी टाइम्स ब्यूरो | बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना संतुलित सामाजिक विकास संभव नहीं है। महिलाएं परिवार और समाज को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके योगदान के बिना समाज की कल्पना नहीं की जा सकती।
राजेश धर्माणी रविवार को बिलासपुर जिले के घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत संलाओ में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। मंत्री ने कहा कि महिलाओं में अपार शक्ति और क्षमता होती है। यदि उन्हें उचित अवसर और सम्मान मिले तो वे जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं। उन्होंने महिलाओं से अपने दैनिक जीवन के तनाव को कम करने के लिए स्वयं के लिए भी समय निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी दिनचर्या में योग, व्यायाम और सैर जैसी गतिविधियों को शामिल करना चाहिए।
मोरसिंघी में बनेगा महिलाओं के लिए खेल छात्रावास
राजेश धर्माणी ने कहा कि घुमारवीं क्षेत्र की बेटियों ने हाल ही में अंडर-19 राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि इसी को ध्यान में रखते हुए घुमारवीं के मोरसिंघी क्षेत्र में महिलाओं के लिए सरकारी खेल छात्रावास स्थापित किया जाएगा, जिस पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं के लिए विशेष खेल टूर्नामेंट आयोजित करने की योजना भी बनाई जा रही है, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिला कार्यक्रम अधिकारी बिलासपुर नरेंद्र कुमार ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्षा अंजना धीमान, सीडीपीओ रंजना शर्मा, पूर्व प्रधान सुलक्षणा पठानिया, नंद लाल शर्मा, बी.डी. शर्मा, निर्मला राजपूत, केंद्रीय विद्यालय की प्रधानाचार्य रिंकू कुमारी, पूर्व प्रधान संदीप कुमार, महिला कांग्रेस अध्यक्षा नीलम शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
