एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा रामपुर विधानसभा क्षेत्र की संयुक्त परिचय बैठक शनिवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक में युवा मोर्चा जिला महासचिव अध्यक्ष नवजोत शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए संगठन को नई दिशा देने का आह्वान किया और राष्ट्रसेवा, अनुशासन तथा संगठन के प्रति निष्ठा का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि का स्वागत रामपुर युवा मोर्चा अध्यक्ष दीप कुमार ने स्वागत भाषण के माध्यम से किया। अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं को “पहले देश, फिर संगठन” की भावना के साथ कार्य करने तथा भाजपा की विचारधारा को बूथ स्तर तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया। उनकी उपस्थिति से युवा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
भाजपा नेता कौल नेगी ने युवा संगठन की भूमिका और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए महत्वपूर्ण रणनीतिक दिशा-निर्देश दिए। मंडल अध्यक्ष नरेश चौहान ने संगठनात्मक एकता, समर्पण और निरंतर मेहनत पर जोर दिया।
ननखड़ी मंडल अध्यक्ष जिया लाल लंबरदार तथा सराहन मंडल अध्यक्ष महेंद्र जैन ने संक्षिप्त संबोधनों में युवाओं से एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में सराहन मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष अशोक मेहता, ननखड़ी मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष दिग्विजय ठाकुर, तीनों मंडलों के महामंत्री अंशुल ठाकुर, खेमराज, दीपक मेहता, जितेश शर्मा, अभी राणा, सचिव पवन चौहान, रोबिन श्याम, मंडल कोषाध्यक्ष केसरी दत्ता तथा मंडल महामंत्री राममूर्ति चौहान सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












