एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
जिला कुल्लू निरमंड उपमंडल के ब्रौ क्षेत्र के रल्लू, रन्दल, पनाशा, बडगैई, पोशना, पाली चकलोट, पांगड़ा बॉवा, प्रतला सहित विभिन्न गांवों के ग्रामीणों ने जनहित में पुलिस प्रशासन को एक निवेदन पत्र सौंपकर ब्रौ क्रांति चौक से रोपडृू कैची तक अवैध रुप से खड़ी की जा रही गाड़ियों पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि ब्रौ से चकलोट–चुनागई सड़क मार्ग पर आए दिन लोगों द्वारा निजी वाहनों को गलत तरीके से सड़क के दोनों किनारों पर पार्क कर दिया जाता है। इससे जगातखाना से चकलोट जाने वाली बस को निकालने में भारी दिक्कत आती है और कई बार मार्ग घंटों तक जाम रहता है।
इसके चलते बसें शाम को काफी देर से पहुंचती हैं, जिससे ग्रामीणों को अंधेरे में घर लौटना पड़ता है। वहीं सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों और कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों को भी समय पर पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सितेंद्र कुमार, सुरेश चंद्र, टिकम सुख, गुरदास जोशी, अतुल कुमार, कृष्ण गौतम, अमित गौतम,आत्मा राम, खुब राम, भीव देव, सुरजीत, प्रेम जोशी आदि ग्रामीणों ने बताया कि उपमंडलाधिकारी निरमंड के आदेशों के अनुसार क्रांति चौक से ब्रौ पंचायत घर तक पार्किंग करना पहले से ही पूर्णत: प्रतिबंधित है, लेकिन इसके बावजूद नियमों की अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों को तुरंत हटवाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान करवाने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय पर इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे मजबूरन उपमंडलाधिकारी निरमंड व पुलिस थाना ब्रौ का घेराव करने के लिए लामबंद होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
