एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
बुशहर ऑटो ऑपरेटर यूनियन रामपुर की कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को यूनियन कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के चेयरमैन व प्रधान गोपाल सिंह ने की। बैठक में 5 जून को समिति हाल में बुलाई गई आम सभा पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकारिणी ने माना कि उस आम सभा में कोरम पूरा न होने के कारण इसे वैध नहीं माना जा सकता। इस संबंध में लिए गए प्रस्ताव को रद्द करने का निर्णय लिया गया।
इसके साथ ही कार्यकारिणी ने तय किया कि जब तक यूनियन की आय-व्यय से संबंधित विषयों का समाधान नहीं हो जाता, वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल जारी रहेगा। महासचिव मस्तराम को अधिकृत किया गया है कि वे इस विषय पर कानूनी सलाह लेकर आवश्यक कार्रवाई करें। इस दौरान किसी सदस्य द्वारा हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जो सदस्य यूनियन को तन, मन और धन से सहयोग करेंगे, यूनियन भी उनका पूरा समर्थन करेगी। अधिकृत वर्किंग पॉइंट पर वही सदस्य कार्य करेगा जो संगठन के नियमों का पालन करेगा। सभी सदस्यों से आग्रह किया गया कि वे हर माह की 1 से 5 तारीख के बीच अपना मासिक चंदा कैशियर के पास जमा करवाएं। जिन सदस्यों का तीन माह तक लगातार चंदा बकाया रहेगा, उन्हें यूनियन के सभी लाभों से वंचित किया जाएगा।
