एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
उपमंडल रामपुर में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय लवी मेला की तैयारियों को लेकर बुशहर ऑटो ऑपरेटर यूनियन की कार्यकारिणी की बैठक यूनियन कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन ओम प्रकाश ने की, जिसमें 12 सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में मेले के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ऑटो रिक्शों के लिए नए रूट और पार्किंग पॉइंट निर्धारित किए गए। निर्णय लिया गया कि रामपुर से मेला ग्राउंड की ओर जाने वाले ऑटो पैट्रोल पंप के सामने सवारियां उतारेंगे और वापसी के लिए एच.आर.टी.सी. वर्कशॉप चौक या पाटबंग्ला चौक से सवारियां भर सकेंगे। वहीं, खनेरी से आने वाले ऑटो रिक्शों की पार्किंग एच.आर.टी.सी. वर्कशॉप के पीछे निर्धारित की गई है। पाटबंग्ला चौक पर किसी भी ऑटो के खड़ा होने पर प्रतिबंध रहेगा ताकि ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने।
बैठक में मासिक चंदा ₹100 प्रति माह तय किया गया, जिसे प्रत्येक सदस्य 1 से 10 तारीख के बीच रविन्द्र कुमार मेहता को जमा करेगा। तीन माह तक चंदा न भरने वालों की सदस्यता समाप्त मानी जाएगी। यूनियन ने रविन्द्र कुमार और हिम्मत सिंह को सदस्य के रूप में शामिल करने का प्रस्ताव पारित किया। साथ ही पूर्व चैना राम से आय-व्यय रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया, अन्यथा उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। बैठक में यह भी तय हुआ कि ऑटो चालक सवारियां बैठते समय ही किराया वसूलें ताकि समय और यातायात दोनों की बचत हो सके।
