एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर में वीरवार से शुरू हुए जिला स्तरीय मेला फाग के तहत आयोजित बुशहर कार्निवल की पहली सांस्कृतिक संध्या स्थानीय कलाकारों के नाम रही। इस रंगारंग संध्या में तांत्रा बॉयज ने अपनी शानदार प्रस्तुति से ऐसा समां बांधा कि दर्शक देर रात तक झूमते रहे। कार्यक्रम में रामपुर और आसपास के कई कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं लोक गायक कुलदीप शर्मा ने भी अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन किया।
पहली सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह मौजूद रहीं। उनके साथ लोक निर्माण मंत्री की धर्मपत्नी डॉ. अमरीन कौर और उनके माता-पिता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित करके किया गया।

बुशहर कार्निवल का आयोजन पिछले चार वर्षों से बुशहर स्पोर्ट्स कल्चरल एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन के बैनर तले किया जा रहा है। इस आयोजन को सफल बनाने में रामपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों का विशेष सहयोग और समर्थन मिल रहा है। यही कारण है कि यह कार्यक्रम हर वर्ष और भी भव्य रूप में आयोजित किया जा रहा है।
सांस्कृतिक संध्या के दौरान कई कलाकारों ने मंच पर अपनी प्रस्तुतियां दीं और दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इस संध्या के स्टार कलाकार कुलदीप शर्मा ने भी अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। हालांकि तांत्रा बॉयज की प्रस्तुति ने माहौल को सबसे अधिक रंगीन बना दिया और दर्शक दीर्घा में बैठे लोग उनके गीतों और धुनों पर झूमते नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान वॉइस ऑफ बुशहर और मिस बुशहर प्रतियोगिता के प्रतिभागियों ने भी मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कुल मिलाकर बुशहर कार्निवल की पहली सांस्कृतिक संध्या उत्साह, संगीत और मनोरंजन से भरपूर रही।
