एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
11 से 14 नवंबर तक रामपुर में मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को रामपुर और निरमंड प्रशासन की एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह, एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह, डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा और डीएसपी आनी चंद्र शेखर विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम रामपुर द्वारा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि उपमंडल रामपुर को उपमंडल निरमंड के चाटी, जगातखाना, ब्रौ और बजीर बावड़ी पुल पर CCTV कैमरे और लाइटें लगाई जाएंगी। इन स्थानों पर पूर्व में हुई घटनाओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। 11 से 14 नवंबर तक मेला अवधि के दौरान ब्रौ-जगातखाना-चाटी क्षेत्र में विशेष पुलिस दल तैनात रहेगा। भीड़भाड़ और ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। वहीं, क्षेत्र के ढाबों और दुकानों को निर्धारित समय पर बंद करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और मेला क्षेत्र में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके अलावा, बजीर बावड़ी से चाटी तक 11 से 30 नवंबर तक नियमित पानी का छिड़काव किया जाएगा ताकि धूल प्रदूषण को कम किया जा सके। ब्रौ क्षेत्र में जुआ खेलने की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही इस मार्ग पर लंबे समय से खड़े पार्क और खराब वाहनों को हटाने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
