एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के निहरी क्षेत्र से छह दिनों से लापता दसवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा का शव जंगल से क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ है। इस घटना ने पूरे इलाके में शोक और दहशत फैला दी है। जानकारी के अनुसार, डाहलू (मरहड़ा) गांव निवासी की बेटी 29 दिसंबर को रहस्यमय परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों में खोजबीन की, लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला। जब लगातार तलाश का कोई परिणाम नहीं निकला, तो परिजनों ने 1 जनवरी को बीएसएल कॉलोनी पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
मंडी पुलिस और निहरी पुलिस ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान तेज किया। पुलिस की ड्रोन टीम को भी सर्च ऑपरेशन में शामिल किया गया। मंगलवार को ड्रोन की मदद से बड़ेहन जंगल में सघन तलाशी के दौरान, सड़क से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक ढांक के पास छात्रा का शव बरामद हुआ। शव की हालत बेहद खराब थी और कई हिस्सों पर जंगली जानवरों द्वारा नोचने के निशान पाए गए। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की। मंडी पुलिस और फोरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए, ताकि मामले की हर पहलू से जांच की जा सके।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतका के पिता ने किसी पर संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमॉर्टम के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।

