एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला से एनएसयूआई जिला मंडी द्वारा आयोजित ‘चिट्टा मुक्त कैंपस’ अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य स्कूल और कॉलेज परिसरों में युवाओं को नशे, विशेषकर चिट्टा के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एनएसयूआई मंडी का ‘चिट्टा मुक्त कैंपस’ अभियान प्रदेश सरकार के नशा मुक्त हिमाचल के विज़न को मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि चिट्टा सहित अन्य नशों के खिलाफ राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियानों को इस प्रकार की युवा पहलें और अधिक प्रभावी बनाती हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनें।
एनएसयूआई जिला मंडी के अध्यक्ष अनित जसवाल ने बताया कि यह अभियान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के ‘एंटी-चिट्टा अभियान’ से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत स्कूल और कॉलेज स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, नशा विरोधी शपथ, एंटी-चिट्टा वॉकथॉन और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान 23 जनवरी से 15 फरवरी तक चलेगा, जिसमें पहले स्कूल स्तर और उसके बाद कॉलेज स्तर पर गतिविधियां आयोजित होंगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक संजय अवस्थी और राकेश कालिया भी उपस्थित रहे।
