एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंडी जिला के करसोग विधानसभा क्षेत्र में कई बड़ी विकास योजनाओं की घोषणा की है। करसोग के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा, जो आगामी वर्ष से सीबीएसई पैटर्न पर आधारित होगा। इसके लिए पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने करसोग में मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट और 66 केवी सब स्टेशन की स्थापना की घोषणा भी की। साथ ही तिब्बन और पांगणा को सीबीएसई स्कूल में बदलने, सनारली, मतेड़ और बनेड़ा में पटवार सर्कल खोलने और तत्तापानी से बखरोट सड़क सुधार कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि आईटीआई का भवन जल्द पूरा किया जाएगा, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग जैसे आधुनिक कोर्स शुरू किए जाएंगे। करसोग अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक 200 डॉक्टरों की भर्ती की जा चुकी है और आगे भी 200 डॉक्टरों की भर्ती होगी। शिक्षा क्षेत्र में सरकार ने 6000 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की है, जिसमें से 3000 शिक्षक बैचवाइज नियुक्त हो चुके हैं। इसके परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश अब गुणात्मक शिक्षा में देशभर में 5वें स्थान पर पहुंच गया है।
आपदा राहत एवं पुनर्वास
करसोग में हाल की आपदाओं के कारण 94 पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त घरों के पुनर्निर्माण के लिए प्रत्येक परिवार को ₹7 लाख की सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार बादल फटने की घटनाओं के कारणों का अध्ययन करवा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र आदर्श स्वास्थ्य संस्थान बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 50 तो बन कर तैयार भी हो गए हैं। जिनमें 6-6 विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात किए जाएंगे।
महिला और अनाथ कल्याण
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जल्द ही सभी पात्र महिलाओं को ₹1500 मासिक पेंशन देगी। इसके अलावा, विधवा एवं एकल नारी आवास योजना के तहत 12 लाभार्थियों को ₹1.50 लाख की पहली किस्त वितरित की गई।
सुख आश्रय योजना के अंतर्गत 6,000 अनाथ बच्चों को “चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट” के रूप में अपनाया गया है। चार बच्चों को दूसरी किस्त के रूप में ₹1-1 लाख और एक पात्र भूमिहीन बच्चे को भूमि के कागज भी प्रदान किए गए।
मेधावी छात्राओं का सम्मान
मुख्यमंत्री ने 10वीं कक्षा की छात्राएं प्रज्ञा ठाकुर और हिमानी ठाकुर को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।
भाजपा पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर आरोप लगाया कि पूर्व सरकार ने राज्य का खजाना खाली कर दिया और 1000 करोड़ रुपये की बिल्डिंग्स ठेकेदारों को लाभ देने के लिए बनवाईं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पुरानी पेंशन योजना (OPS) को वापस लेकर कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित कर रही है, भले ही इसके कारण केंद्र सरकार ने 1600 करोड़ रुपये की ऋण सीमा में कटौती की हो।