एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 14 नवंबर को रामपुर बुशहर पहुंचकर 14 करोड़ रुपये की पेयजल और सीवरेज योजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री जल शक्ति विभाग की छह प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे, जिनसे क्षेत्र में पेयजल और स्वच्छता ढांचे को सुदृढ़ किया जाएगा। इन योजनाओं के पूर्ण होने से रामपुर उपमंडल के ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में पेयजल संकट दूर होगा। जल शक्ति विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री चार योजनाओं का शिलान्यास और दो का लोकार्पण करेंगे।
नगर परिषद क्षेत्र के छूटे घरों को अब सीवरेज प्रणाली से जोड़ा जाएगा, जिस पर करीब 3 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं, आईटीबीपी कॉलोनी नोगली के लिए 2.77 करोड़ रुपये की लागत से उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण किया जाएगा, जिसे केंद्रीय गृह मंत्रालय से स्वीकृति मिली है।
इसके अलावा, मुनिश बाहली और दरकाली पंचायतों की पेयजल योजनाओं का नाबार्ड के तहत सुदृढ़ीकरण किया जाएगा, जिस पर 4.56 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कलेडा मझेवटी पंचायत (ननखड़ी क्षेत्र) में 1.18 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजना का विस्तार होगा।
साथ ही, जल जीवन मिशन के तहत रामपुर क्षेत्र में 1.78 करोड़ रुपये की सुदृढ़ीकरण योजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा।
थैली चकटी पंचायत, ननखड़ी में 74.38 लाख रुपये की पेयजल योजना का भी उद्घाटन होगा। इन सभी योजनाओं से हजारों लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा और सीवरेज प्रणाली में व्यापक सुधार आएगा।
जल शक्ति विभाग रामपुर के अधिशाषी अभियंता आर.एस. नेगी ने बताया कि मुख्यमंत्री कुल छह परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे, जिनमें चार का शिलान्यास और दो का लोकार्पण प्रस्तावित है।







