एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 13 अक्तूबर को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित होने वाले पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह राजकीय कार्यक्रम पूरी गरिमा के साथ आयोजित हो और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी एवं सांसद रजनी पाटिल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा अन्य गणमान्य लोग भाग लेंगे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और सभी संबंधित विभागों के समन्वय से कार्य करने को कहा।
बैठक में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक हरीश जनारथा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, सचिव जीएडी राजेश शर्मा, उपायुक्त अनुपम कश्यप सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
