एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज यहां हिमाचल प्रदेश आवास एवं शहरी विकास प्राधिकरण की बैठक की अध्यक्षता की और प्रदेश में चल रही व प्रस्तावित आवासीय परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने हिमुडा अधिकारियों को चंडीगढ़ के निकट नई टाउनशिप विकसित करने की संभावनाओं का पता लगाने के निर्देश दिए, ताकि राज्य के लोगों की आवास संबंधी जरूरतों को पूरा किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने शिमला के पास प्रस्तावित जाठिया देवी सैटेलाइट टाउनशिप की भी समीक्षा की और परियोजना को गति देने के लिए जल्द एक सलाहकार नियुक्त करने को कहा। उन्होंने बताया कि टाटा इंजीनियरिंग सर्विसेज कंपनी ने इस परियोजना की रूपरेखा तैयार की है, जिसमें सौंदर्यीकरण और विश्व स्तरीय सुविधाओं का प्रावधान होगा।
सुक्खू ने शिमला शहर के विकासनगर में बनने वाले वाणिज्यिक परिसर के निर्माण को तेज करने के लिए ₹20 करोड़ जारी करने का आश्वासन भी दिया। यह भवन सरकारी कार्यालयों, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और अन्य सुविधाओं से सुसज्जित एक आधुनिक शहरी केंद्र होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सभी आगामी आवासीय परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि जनता को अधिकतम लाभ मिल सके।
इस बैठक में नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी, हिमुडा उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, अतिरिक्त मुख्य सचिव के.के. पंत, प्रधान सचिव वित्त देवेश कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेन्द्र वशिष्ठ, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
