एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
पूर्व मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र सिंह की स्मृति में एनएसयूआई द्वारा आयोजित सीजन-4 ऐंटी चिट्टा क्रिकेट महाकुंभ प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। रोमांचक मुकाबलों से भरपूर इस टूर्नामेंट में पाट की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि ठियोग रझाड़ा की टीम उपविजेता रही। समापन समारोह में नवकिरण अस्पताल के एमडी जगजीत सिंह ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और विजेता व उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ 23 फरवरी को हुआ था, जिसमें लगभग 64 टीमों ने भाग लेकर खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया।

फाइनल मुकाबला महादेव बॉयज पाट और रझाड़ा टीम के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाट की टीम ने निर्धारित 8 ओवरों में 105 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रझाड़ा टीम ने कड़ा मुकाबला किया, लेकिन अंततः मात्र 3 रन से हार का सामना करना पड़ा। व्यक्तिगत पुरस्कारों में सुनील ठाकुर को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, छोटा सचिन को मैन ऑफ द सीरीज, राजन को सर्वश्रेष्ठ फील्डर और पृथ्वी को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर चुना गया।
इस अवसर पर सूरज जोंगा (एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष), कृष चौहान (एनएसयूआई रामपुर अध्यक्ष), नकुल नेगी (खेल अध्यक्ष), अनुज (कोषाध्यक्ष), निशांत पाकला, मिकू सदानी, हर्षुल, तरुण चौहान, आलोक जकटू, दिक्षु नेगी, आदित्य शर्मा, सुमित रॉय, अलिषा नेगी व अक्षु ठाकुर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
