एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर की दरकाली पंचायत के शरनाल गांव में पिछले दो वर्षों से भू-स्खलन का गंभीर खतरा बना हुआ है। गांव का एक बड़ा हिस्सा लगातार धंस रहा है, जिससे ग्रामीण परेशान हैं। इस बार की बरसात ने हालात और खराब कर दिए हैं। खेत धंस कर नाले तक पहुंच गए हैं, और गांव में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र गिरने की कगार पर है।
ग्रामीण रत्नदास ने तो अपनी सुरक्षा के लिए अपना घर खाली कर दिया है। गांव के बीचों-बीच दरारें पड़ी हैं, और गांव को जोड़ने वाले रास्ते में मोटी दरारें दिखाई दे रही हैं। पिछले वर्ष भी भू-स्खलन की समस्या सामने आई थी। प्रशासन ने उस समय क्रेट वॉल लगाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। भू सरंक्षण विभाग ने 40 लाख रुपये के मरम्मत कार्य का एस्टीमेट तैयार किया था, लेकिन यह फाइलों में ही पड़ा है। विभाग के अनुसार, उन्हें इस काम के लिए फंड की कमी है।
गुलजारीलाल सानी, प्रधान ग्राम पंचायत दरकाली ने ग्रामीणों की चिंता जताई और कहा कि यदि भू-स्खलन को जल्द नहीं रोका गया, तो पूरा शरनाल गांव खतरे में पड़ जाएगा।
प्रभावित परिवार: सूरत सिंह, विशेषलाल, कृष्णदास, रमेश कुमार और भादुर सिंह के खेत पूरी तरह से नष्ट हो चुके हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर सरकार व प्रशासन की अनदेखी से ग्रामीण निराश हैं और अब उनका भविष्य असुरक्षित नजर आ रहा है।
