एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोशल मीडिया के लिए बाइक स्टंट की रील बनाते समय 22 साल युवक की जान चली गई। यह दर्दनाक हादसा देर रात करीब एक बजे कीरतपुर–मनाली फोरलेन की मलोरी टनल के पास हुआ। बाइक फिसलने से युवक बुरी तरह घायल हो गया, जिसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज नेरचौक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान बल्ह क्षेत्र के नगचला निवासी अनिकेत के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अनिकेत सोशल मीडिया के लिए स्टंट करते समय बाइक से नियंत्रण खो बैठा और गिर पड़ा। हादसे में उसकी गर्दन टूटने की आशंका जताई जा रही है। अनिकेत बीटेक का छात्र था और इंस्टाग्राम पर नियमित रूप से बाइक स्टंट की रीलें साझा करता था। बताया जा रहा है कि वह अपने कुछ दोस्तों के साथ स्टंट वीडियो शूट कर रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
ये भी पढ़ें : >> शादी से इंकार पर बिफरा युवक, युवती पर चाकू से जानलेवा हमला
पुलिस ने साथी युवकों को बनाया आरोपी, उकसाने का केस
पुलिस ने अनिकेत के साथ रील शूट कर रहे अन्य युवकों को भी इस मामले में आरोपी बनाया है। इन पर अपराध के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। मामला टूरिस्ट एंड ट्रैफिक पुलिस स्टेशन नागचला में दर्ज हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल से मोबाइल और कैमरा फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने सोशल मीडिया पर खतरनाक स्टंट बनाने की प्रवृत्ति पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
