एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर में इस बार ऐतिहासिक अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले का आगाज जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता से हुआ। दत्तात्रेय स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में वरिष्ठ पुरुष और महिला वर्ग की टीमें भाग ले रही हैं। पुरुष वर्ग में कुल 10 टीमें और महिला वर्ग में 6 टीमें मैदान में उतरीं। प्रतियोगिता के पहले मैच में जुब्बल ने रोहड़ू को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ गवर्नमेंट कॉन्ट्रेक्टर मिलाप ठाकुर ने किया, जबकि विशेष अतिथि के रूप में राजेंद्र शर्मा ने शिरकत की। आयोजकों ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
जिला अध्यक्ष रविन्द्र बांष्टु ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में खेल भावना बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान और मंच प्रदान करती हैं। आयोजन समिति के विनोज नेगी ने बताया कि लवी मेले के शुभारंभ के रूप में यह खेल आयोजन पूरे क्षेत्र में उत्साह का संचार कर रहा है। इस वॉलीबॉल प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं। इसके माध्यम से जिला की टीम का चयन किया जाएगा, जो बाद में बद्दी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगी।
साथ ही, मैराथन, कब्बड़ी, बॉक्सिंग और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं भी तय समय पर आयोजित की जाएंगी। आयोजक इस आयोजन के माध्यम से न केवल खेल संस्कृति को बढ़ावा देना चाहते हैं, बल्कि युवाओं में प्रतिस्पर्धात्मक भावना और अनुशासन भी विकसित करना चाहते हैं।
