एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डब्लू में नशा मुक्ति भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विविध प्रतियोगिताएं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस कार्यक्रम में पेंटिंग, वाद-विवाद, 100 मीटर और 800 मीटर दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं के साथ विद्यार्थियों द्वारा नशा मुक्ति पर आधारित एक लघु नाटक का मंचन भी किया गया।
इस आयोजन का संचालन सामाजिक कल्याण विभाग एवं ग्राम पंचायत बलोग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ताओं और अतिथियों ने समाज में नशे के बढ़ते प्रभाव और उससे होने वाली हानियों पर प्रकाश डाला तथा विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज को भी जागरूक करने का संदेश दिया।
प्रतियोगिताएं कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग के लिए अलग-अलग आयोजित की गईं। विजेताओं को प्रमाण पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। नाटक प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय प्रधान ओमप्रकाश, विद्यालय प्रधानाचार्या राशिमा सेन, ब्लैक ब्लैंकेट एनजीओ के संस्थापक दीपक सुंद्रियाल, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रानी, तहसील कल्याण अधिकारी सतीश शर्मा, पंचायत सचिव नरेश, और पंचायत के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
