एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
लोक निर्माण विभाग व शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर डॉ. मुकेश कुमार को अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले के उपलक्ष्य में रामपुर के पदम सभागार में आयोजित विशेष समारोह में सम्मानित किया गया। मानव कल्याण शिक्षा समिति के प्रधान और सर्वपल्ली राधाकृष्णन बी.एड/एम.एड संस्थान नोगली तथा राधे-राधे वेटरनरी फार्मासिस्ट ट्रेनिंग संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार पिछले 25 वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सेवाएं दे रहे हैं।
इससे पूर्व वे शिक्षा में गोल्ड मेडल हासिल कर चुके हैं तथा भारत गौरव पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुके हैं। उन्होंने 25 वर्ष पहले समिति का गठन कर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और विभिन्न शिक्षण संस्थान शुरू किए, जिनके माध्यम से प्रदेश व आसपास के हजारों विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और तकनीकी कोर्स उपलब्ध करवाए गए।
इनमें टीचर ट्रेनिंग, एम.एड., इलेक्ट्रिशियन, प्लंबर, फिटर, वेल्डर, कंप्यूटर कोर्स तथा वेटरनरी फार्मासिस्ट जैसे कोर्स शामिल हैं। डॉ. कुमार ने अब तक लगभग 270 गरीब, अनाथ और पिछड़े वर्ग के बच्चों को निःशुल्क या विशेष रियायत के साथ शिक्षा प्रदान कर समाज के वंचित वर्ग के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
डॉ. कुमार के 12 शोध पत्र राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित हो चुके हैं। साथ ही शिक्षा और मनोविज्ञान विषय पर लिखी उनकी दो पुस्तकें देशभर के प्रशिक्षण संस्थानों के पाठ्यक्रम में शामिल हैं। पिछले 25 वर्षों से लगातार शिक्षा सेवा में समर्पित डॉ. मुकेश कुमार आज एक सफल प्रबंधक, शिक्षाविद और समाज के लिए प्रेरणास्रोत के रूप में उभरकर सामने आए हैं।
