एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
हिमाचल प्रदेश राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष डॉ. एस.पी कत्याल ने आज किन्नौर जिला के रिकांग पिओ स्थित उपायुक्त कार्यालय में जिला अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की। बैठक का मुख्य उद्देश्य सर्दियों और बर्फबारी के मौसम में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना था। डॉ. कत्याल ने जिला प्रशासन से खाद्य आपूर्ति स्टॉक का विस्तृत ब्यौरा प्राप्त किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने गुणवत्ता युक्त सस्ता राशन उपलब्ध कराने, पर्याप्त स्टाफ तैनात करने और दुर्गम क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने पर भी जोर दिया।
साथ ही, उन्होंने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा चलाए जा रहे पोषण अभियान की मॉनिटरिंग की जानकारी ली और सुनिश्चित किया कि इस योजना का लाभ निर्धन एवं उपेक्षित वर्गों तक पहुंचे। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत पात्र लोगों की सूची का निरीक्षण कर लाभार्थियों तक योजना के सही क्रियान्वयन पर निर्देश दिए।
उन्होंने रिकांगपिओ, टापरी और भावानगर के खाद्य गोदामों का निरीक्षण किया और वहां के खाद्यान्न स्टॉक की गुणवत्ता जांच के लिए सैंपल भेजे। बैठक में सहायक आयुक्त डॉ. ओम प्रकाश यादव, उपनिदेशक उच्चतर डॉ. कुलदीप सिंह डोगरा, उपनिदेशक प्रारंभिक डॉ. अरुण गौतम, बाल विकास परियोजना अधिकारी सुभद्रा देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
विशेष निरीक्षण:
राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष ने राजकीय माध्यमिक पाठशाला दाखो का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन की अनियमितताओं का कड़ा संज्ञान लिया और उपनिदेशक प्रारंभिक डॉ. अरुण गौतम को छात्र-छात्राओं के हितों की रक्षा के लिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
