एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कोटखाई उपमंडल के अडेवग में आयोजित डोम देवता खांटा के देव शांत यज्ञ में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने देवता का आशीर्वाद लेकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
उल्लेखनीय है कि यह ऐतिहासिक देव शांत यज्ञ लगभग 56 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल बना हुआ है। इस देव शांत में क्षेत्र के चार प्रमुख देवताओं की सहभागिता रही, जिनमें कोटेश्वर महादेव मिहणी, डोम देवता खांटा बश्नोग, नाग देवता भमराड़ा, काली माता टिकरी हिमरी तथा खूंद थनाल गांव थाना शामिल हैं।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि के नाम से जाना जाता है और यहां की देव संस्कृति विश्वभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मनाए जाने वाले मेले और त्योहार हमारी जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक हैं।
उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि आधुनिक वैज्ञानिक युग में आगे बढ़ते हुए भी हमें अपनी प्राचीन संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहना चाहिए। देव संस्कृति आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश देती है, जिसे सहेज कर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई के अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, एलएमबी बैंक के निदेशक देविंदर नेगी, कांग्रेस जोन प्रभारी प्रताप चौहान, रविंद्र चौहान, एसडीएम कोटखाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
