एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बुधवार को अपने गृह क्षेत्र जुब्बल-नावर-कोटखाई के प्रवास के दौरान उप-तहसील सरस्वती नगर के तहत आने वाले अंटी गांव में 26 लाख रुपये की लागत से निर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने सीमावर्ती पंचायत पंद्राणू में पब्बर वैली यूथ क्लब की ओर से आयोजित पंचायत स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) भवन का भी निरीक्षण किया।
अंटी में आयोजित जनसभा में मंत्री ने कहा कि पंचायत भवन के निर्माण से ग्रामीण प्रशासनिक कार्यों में सुविधा होगी और आम जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में कई विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं।अंटी-चींग सड़क (₹9.36 करोड़) और अंटी-सभाड़ सड़क (₹12.80 करोड़) को उन्नत किया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग 707, जो पांवटा से हाटकोटी तक हिमाचल और उत्तराखंड को जोड़ता है, के निर्माण पर ₹93 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। मंत्री ने राजमार्ग पर बन रहे पुलों और सुरक्षा दीवारों के निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया।
पंद्राणू में 1.70 करोड़ से बन रहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
पंद्राणू में ₹1.70 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह केंद्र स्थानीय लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का नया अध्याय खोलेगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में 10 नए स्वास्थ्य केंद्र बन रहे हैं, जो कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत किए गए थे।
बोले – युवाओं को नशे से दूर रखता है खेल
शिक्षा मंत्री ने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को स्वस्थ और अनुशासित बनाती हैं। प्रदेश में 9 खेल छात्रावास संचालित हैं, जहां खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने ठाकुर राम लाल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खेल छात्रावास (कन्या) का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां अब वॉलीबाल, कबड्डी और बैडमिंटन जैसे खेलों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि में भारी वृद्धि की है। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य कौशल मुंगटा, हिमफेड निदेशक भीम सिंह झौटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य मोतीलाल सिथटा, बीडीओ जुब्बल करण सिंह, नायब तहसीलदार सरस्वती नगर दिनेश शर्मा भी मौजूद रहे।
और पढ़ें
>> 16 कॉलेज अब नहीं होंगे बंद, सरकार शुरू करेगी प्रोफेशनल-रोजगार आधारित कोर्स
>> ज्यादा मुनाफे के लालच में 38 लाख गंवाए, सोशल मीडिया विज्ञापन बना जाल
