एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज कोटखाई उपमंडल के अंतर्गत देवरी खनेटी पंचायत घर का लोकार्पण किया। इस भवन का निर्माण 14 लाख 80 हजार रुपये की लागत से पूर्ण किया गया है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने स्थानीय नागरिकों को नए पंचायत भवन के लिए बधाई दी और कहा कि इस भवन के निर्माण से पंचायत के कार्यों में पारदर्शिता और कार्यदक्षता दोनों में वृद्धि होगी। उन्होंने पंचायत भवन के फर्नीचर के लिए 1 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा की।
विधानसभा क्षेत्र में सर्वांगीण विकास : शिक्षा मंत्री
शिक्षा मंत्री ने बताया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में पिछले तीन वर्षों में चहुँमुखी विकास कार्य हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अलांवग-नक्सेटली-रेयोघाटी वाया कांगी नाला सड़क को प्रशासन ने पास कर दिया है, जिसका निर्माण 2.92 करोड़ रुपये की लागत से होगा। साथ ही 30 लाख रुपये की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवरी खनेटी का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
मंत्री ने कहा कि पूरे क्षेत्र में 10 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के भवन निर्माणाधीन हैं, जिनमें देवरी खनेटी पीएचसी भी शामिल है, जिसकी लागत 1.82 करोड़ रुपये है।
सेब अर्थव्यवस्था और सड़क निर्माण पर जोर
शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र सेब उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है और लगभग 5 लाख लोग इस व्यवसाय से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कों के निर्माण से बागवानों की फसल समय पर बाजार तक पहुँच सकेगी। उन्होंने बताया कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में इस समय 400 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण किया जा रहा है और पिछले तीन वर्षों में 141 नई सड़कों की पासिंग की गई है।
बिजली और पुनर्निर्माण कार्यों पर फोकस
मंत्री ने बताया कि जुब्बल विद्युत मंडल के अंतर्गत 55 करोड़ रुपये की लागत से बिजली सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भारी वर्षा से प्रदेश में लगभग 3 हजार करोड़ रुपये का सड़क ढांचा क्षतिग्रस्त हुआ, जिसकी मरम्मत तेजी से की जा रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख व्यक्ति
इस अवसर पर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुमान सिंह चौहान, पंचायत प्रधान नीरज रोंगटा, एसडीएम गुरमीत नेगी, बीडीओ करण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
