एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल उपमंडल के शुराचली क्षेत्र के अंतर्गत ढाडी में आयोजित “विकेश पनाटू मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता ” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय नवयुवक मण्डल को आयोजन के लिए बधाई दी और युवाओं को नशे से दूर रखने में खेलों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
सरकार खेलों को लेकर गंभीर
शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार खेलों के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। वर्तमान में राज्यभर में 9 खेल छात्रावास संचालित हैं, जिनमें प्रशिक्षु खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। विशेष रूप से ठाकुर राम लाल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खेल छात्रावास (कन्या) प्रदेश का सबसे बड़ा छात्रावास बनकर उभरा है। यहाँ वॉलीबाल, कबड्डी और बैडमिंटन में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
खेल और युवा: नशे से मुक्ति का रास्ता
रोहित ठाकुर ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी कई बार नशे की गिरफ्त में आ जाती है, ऐसे में इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में सहायक होती हैं। खेल शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं और युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़े रखते हैं।
शुराचली क्षेत्र से आत्मीय संबंध
शिक्षा मंत्री ने बताया कि शुराचली क्षेत्र उनके विधानसभा क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण भाग है और उनका इस क्षेत्र से पारिवारिक और भावनात्मक जुड़ाव है। उन्होंने बताया कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद यहाँ पर सड़क निर्माण, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में व्यापक विकास कार्य हो रहे हैं। सावड़ा-मांदल-झगटान सड़क का कार्य तेजी से चल रहा है।
संस्कृति से जुड़ाव अनिवार्य
उन्होंने बताया कि प्रदेश की लोक संस्कृति और भाषाई विविधता को संरक्षित करने के लिए अब स्कूलों में हर शनिवार को छात्रों को अपनी बोली में संवाद करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
घोषणाएं और सम्मान
उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लोअरकोटि के छात्रों को शानदार प्रस्तुति के लिए ₹2500 प्रति छात्र देने की घोषणा की और स्थानीय युवक मंडल को ₹50000 देने की भी घोषणा की। कार्यक्रम के बाद रोहित ठाकुर ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
