एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रोहड़ू। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के जुनीधार में रविवार सुबह करीब 6 बजे एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। आग लगने के समय घर में सो रहे मेहर सिंह नेगी और परिजन समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। लेकिन आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और तीन कमरों समेत घरेलू सामान, अनाज व अन्य कीमती वस्तुएं जलकर राख हो गईं। स्थानीय लोगों ने आग की लपटें देखकर तुरंत बुझाने का प्रयास शुरू किया और रोहड़ू अग्निशमन केंद्र को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया गया। प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक मोहनलाल ब्राक्टा मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी।
उधर, एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामोत्रा ने बताया कि प्रशासन ने राहत मैनुअल के अनुसार प्रभावित परिवार को 10,000 रुपये नकद, तिरपाल, बर्तन, और आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई है। राजस्व विभाग नुकसान का विस्तृत आकलन कर रहा है।
