Shimla : ढली से रामपुर तक फोरलेन बनेगा, केंद्र को भेजा गया प्रस्ताव : विक्रमादित्य

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

शिमला। हिमाचल के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि ढली से रामपुर तक नेशनल हाईवे-5 को फोरलेन बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए सरकार ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है और मुख्यमंत्री ने इसमें विशेष रुचि दिखाई है। एनएच को फोरलेन बनाने का प्रस्ताव एनएचएआई को भेजा गया है, जो अब इस पर अंतिम निर्णय लेगा। शिमला में मंगलवार को प्रेसवार्ता में विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि ढली तक फोरलेन का निर्माण कार्य चल रहा है। अब इसे आगे नारकंडा और फिर रामपुर तक दो चरणों में फोरलेन का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत अधिकतर स्थानों पर टनल्स बनाने की योजना है, ताकि पर्यावरण को न्यूनतम नुकसान पहुंचे। उन्होंने कहा कि किरतपुर-मनाली फोरलेन में पहाड़ों की अत्यधिक कटिंग के कारण जो नुकसान हुआ, उसे देखते हुए इस बार सतर्कता बरती जाएगी। यह फोरलेन सामरिक दृष्टि से भी अहम है, क्योंकि इसी मार्ग से आईटीबीपी जवान सीमा तक आवाजाही करते हैं। इससे इस सड़क का महत्व और बढ़ जाता है। वर्तमान में ढली से रामपुर-किन्नौर तक केवल टू-लेन सड़क है। यदि एनएचएआई प्रस्ताव स्वीकार करता है, तो फोरलेन निर्माण जल्द शुरू हो सकता है।

पीएमजीएसवाई – 4 के तहत 1560 गांवों सड़क से जुड़ेंगे

उन्होंने ने पीडब्ल्यूडी के गेस्ट हाउसों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू करने की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2000 से अधिक कमरे हैं, जिनमें पहले वीआईपी कल्चर हावी था। अब इन्हें आम लोगों के लिए फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि हिमाचल को जल्द प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY)-4 के तहत 1400 किलोमीटर सड़कों की स्वीकृति मिलने जा रही है, जो 1560 गांवों को जोड़ेगी। उन्होंने कहा कि PMGSY-3 के तहत अधिकतर कार्य इस साल अक्टूबर-नवंबर तक पूरे हो जाएंगे। कुछ प्रस्तावों पर केंद्र ने आपत्ति जताई थी, जिन्हें दूर किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *