एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जीबी पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर 22 से 28 दिसंबर तक सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। शिविर की थीम “युवा शक्ति मेरा भारत – विकसित भारत एवं नशामुक्त समाज” रखी गई, जिसके अंतर्गत स्वयंसेवकों ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाई।
शिविर के दौरान नशा विरोधी जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इसके साथ ही महाविद्यालय परिसर एवं गोद लिए गए क्षेत्र रचोली में स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों ने प्रतिदिन प्रातःकालीन ड्रिल के माध्यम से अनुशासन एवं शारीरिक फिटनेस को अपनाया। उन्नत भारत अभियान के तहत सर्वेक्षण कार्य किया गया, वहीं एमजीएमसी अस्पताल खनेरी में सेवा कार्य कर मरीजों की सहायता की गई।
नशा उन्मूलन को लेकर विद्यालय स्तर पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वयंसेवकों ने पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रचोली में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
रविवार को शिविर के समापन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें एनएसएस के वरिष्ठ स्वयंसेवकों को विदाई दी गई। समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. विद्या बंधु नेगी तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. टीडी वर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व विकास और समाज सेवा का एक सशक्त माध्यम है।
शिविर का आयोजन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जितेंद्र साहनी एवं प्रो. रंजू नेगी के मार्गदर्शन में किया गया। इस सात दिवसीय शिविर से स्वयंसेवकों में सेवा भावना, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की भावना विकसित हुई।
