एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने रविवार को विकास खंड मशोबरा की ग्राम पंचायत गुम्मा में आयोजित दो दिवसीय गुम्मा मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने गुम्मा मेले को खंड स्तरीय मेला घोषित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जल्द ही उपायुक्त कार्यालय से इसकी अधिसूचना जारी होगी।
मंत्री ने गुम्मा में 1 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से नया पंचायत घर निर्माण कराने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस भवन में पुस्तकालय केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर, बैठक कक्ष सहित प्रधान, पंचायत सचिव और तकनीकी सहायक के लिए कार्यालय कक्ष उपलब्ध कराए जाएंगे।

बल्देया-मानड़ सड़क 13 करोड़ से बनेगी
उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में पंचायत के विभिन्न कार्यों पर 52 लाख 95 हजार रुपये खर्च किए जा चुके हैं। साथ ही 6 करोड़ रुपये की लागत से सड़क संपर्क कार्य प्रगति पर हैं। प्रधान मंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGYSY)-4 के तहत बल्देया से मानड़ सड़क के निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है।
पुराने पंचायत घर की मरम्मत व सड़कों का मेटलिंग कार्य अनुमोदित
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क किनारे डंगा निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग के माध्यम से किया जाएगा। कसुम्पटी विधानसभा में डंगे निर्माण पर लगभग पांच करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने पुराने पंचायत भवन की मरम्मत के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही बताया कि पंचायत क्षेत्र की सड़कों का मेटलिंग कार्य 15 दिनों के भीतर शुरू कर दिया जाएगा।
स्कूलों के बच्चों को पुरस्कृत किया
मुख्य अतिथि ने देवता बथीनदलू महाराज के मंदिर में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। मेला कमेटी ने उन्हें शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। मंचन के दौरान स्थानीय स्कूलों की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनके लिए मंत्री ने तीनों स्कूलों को 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा की।
100 वर्षों से अधिक पुराना है गुम्मा मेला
मेला कमेटी अध्यक्ष मदन ने बताया कि गुम्मा मेले का आयोजन पिछले 100 से अधिक वर्षों से हो रहा है। यह मेला स्थानीय संस्कृति और लोक आस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है। मेले में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
मौजूद रहे
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अंकित कोटिया, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामकृष्ण शांडिल, बीडीसी चेयरमैन चंद्रकांता व प्रकाश कमल, पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष ऋषि राठौर, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष ओमप्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
