एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
जिला किन्नौर की रूपी पंचायत के गुरगुरी गांव के लोगों के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। वर्षों से जिस सड़क निर्माण कार्य की प्रतीक्षा ग्रामीण कर रहे थे, वह सपना आखिरकार साकार हो गया। साथ ही एचआरटीसी बस सेवा की शुरुआत ने ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी लौटा दी।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस सचिव अमर खोजान नेगी, ग्राम पंचायत रूपी के प्रधान रामेश्वर नेगी, बीडीसी सदस्य मंगला खोजान, कान सिंह, सुरेंदर सहित कई ग्रामीणों ने मिलकर प्रदेश के बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी का आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने कहा कि यह सड़क निर्माण कार्य केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास का द्वार है। इस पहल का श्रेय मंत्री जगत सिंह नेगी को जाता है, जिन्होंने अपने दूरदर्शी नेतृत्व और जनभावनाओं से जुड़े दृष्टिकोण के चलते वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया है। वर्ष 2018 में बतौर विधायक उन्होंने इस सड़क को अपनी विधायक निधि में शामिल किया था, जिससे स्पष्ट था कि वे इस क्षेत्र की तस्वीर बदलने का संकल्प लेकर चल रहे हैं। उनके अथक प्रयासों से 1 करोड़ 51 लाख रुपये की राशि स्वीकृत होने के बाद अब सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क गांव को नई दिशा देगी बच्चों को शिक्षा तक, किसानों को बाजार तक, और आम लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच प्रदान करेगी। यह विकास का वास्तविक प्रतीक है, जो दर्शाता है कि जब नेता जनभावनाओं से जुड़ा होता है, तो विकास अपने आप रास्ता बना लेता है। वहीं, रूपी क्षेत्र में एचआरटीसी बस सेवा शुरू होने पर भी ग्रामीणों ने मंत्री नेगी का विशेष धन्यवाद किया। ग्राम प्रधान रामेश्वर नेगी और महिला प्रतिनिधियों ने बताया कि वर्षों बाद बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है। साथ ही रूपी पंचायत को जोड़ने वाले दो पुलों का निर्माण करवाने से सड़क सुविधा और बेहतर हुई है।
